• Mon. Nov 23rd, 2026

मंगलौर पुलिस ने अवैध चरस के साथ दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

ByAkeel Ahmad

Nov 17, 2026

मंगलौर

हरिद्वार में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलौर कोतवाली पुलिस ने दो और नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 378.75 ग्राम अवैध चरस और एक हुंडई क्रेटा कार बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मंगलौर ने अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया है। इनमें एक टीम को मुख्य रूप से बॉर्डर क्षेत्रों में चेकिंग की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस द्वारा हाईवे, लिंक रोड और गांव-कस्बों की ओर जाने वाले संपर्क मार्गों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के दौरान ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़कर तलाशी ली। उनके कब्जे से 378.75 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हुंडई क्रेटा कार भी बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार पुत्र राजेंद्र कुमार निवासी घास मंडी रोड, निकट वाल्मीकि धर्मशाला, कोतवाली ज्वालापुर, हरिद्वार और आस मोहम्मद पुत्र लियाकत निवासी ग्राम ढंडेरा, कोतवाली रुड़की, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली मंगलौर में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आनंद मेहरा, कांस्टेबल सुधीर तथा जनपद एंटी नारकोटिक्स ड्रग टीम के हेड कांस्टेबल रियाज अली, कांस्टेबल नितुल और कांस्टेबल रणजीत सिंह शामिल रहे।

नशे के खिलाफ पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशा तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.