मंगलौर
जोशीमठ में हो रहे भू-धसाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर सरकार से जोशीमठ को बचाने की अपील की। पूर्व विधायक काजी निजामुददीन ने कहा कि जोशीमठ में आध्यात्मिकता की गहरी जड़े हैं तथा यहां की संस्कृति भगवान विष्णु की पौराणिकता के इर्द-गिर्द बनी है।
शुक्रवार की देर रात को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोशीमठ में हो रहे भू-धसाव को लेकर कैंडल मार्च निकाला। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से जोशीमठ को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है। इस अवसर पर पूर्व विधायक काजी निजामुददीन ने कहा कि जोशीमठ में आध्यात्मिकता की गहरी जड़े हैं तथा यहां की संस्कृति भगवान विष्णु की पौराणिकता के इर्द-गिर्द बनी है। यहां प्राचीन नरसिंह मंदिर सहित बहुत से पूजित स्थल हैं। राज्य सरकार व केंद्र सरकार को समय रहते ध्वस्त होते पुराणिक महत्व के शहर जोशीमठ पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जोशीमठ में अब तक भू-धसाव के कारण पांच सौ से अधिक घर जर्जर हालत में पहुंच चुके हैं। जोशीमठ में रहने वाले लोगों को हर समय खतरा बना हुआ है। कहा कि पिछले एक वर्ष से जोशीमठ में भू धसाव की जानकारी मिल रही थी, लेकिन सरकार ने समय रहते कोई कदम नहीं उठाया है, जिस कारण अब पूरे शहर पर खतरा मंडरा रहा है। जोशीमठ हिंदू धर्म का एक पूजनीय स्थल है। इसीलिए केंद्र व राज्य सरकार को शीघ्र ही आवश्यक कदम उठाने चाहिए। शुक्रवार की देर रात को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक के आवास से मंगलौर बस स्टैंड तक कैंडल मार्च निकाला इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष चौधरी इस्लाम, नवाज काजमी, फरमान खान, सभासद मोहम्मद शहजाद, अहसान, मोहम्मद अनीस, अबरार खान, परवेज नंबरदार, अनिल शर्मा आदि शामिल रहे।
